झारखंड | झारखंड और पश्चिम बंगाल में सक्रिय भाकपा माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। असीम मंडल के दस्ते से जुड़े तीन इनामी नक्सलियों ने पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें 15 लाख रुपये का इनामी राम प्रसाद माड़ी उर्फ सचिन, उसकी पत्नी और 10 लाख की इनामी मीता उर्फ नयनतारा तथा 1 लाख की इनामी बुलु उर्फ गौरी शामिल हैं।

सरेंडर के दौरान राम प्रसाद ने पुलिस को एके-47 हथियार भी सौंपा। पुलिस के मुताबिक, तीनों के खिलाफ झारखंड में कुल 81 मामले दर्ज हैं। राम प्रसाद पर 2026 में मनोहरपुर के मारंगपोंगा जंगल में पुलिस मुठभेड़ और आईईडी विस्फोट समेत कई नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है, जबकि मीता पर 19 मामले दर्ज बताए गए हैं।

तीनों फिलहाल बंगाल पुलिस की निगरानी में हैं और उनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। झारखंड पुलिस की टीम भी उनसे पूछताछ के लिए पश्चिम बंगाल पहुंची है।

इन तीनों के आत्मसमर्पण के बाद एक करोड़ रुपये के इनामी केंद्रीय कमेटी सदस्य असीम मंडल उर्फ आकाश ही इस दस्ते का सबसे बड़ा इनामी चेहरा बचा है। रिपोर्ट के मुताबिक, असीम मंडल के साथ अब दो अन्य माओवादी रह गए हैं।


Desk Desk · 11-09-2026 11:33 AM · 📍 Ranchi
Tags
Crime Ranchi News