तेलंगाना में सिकंदराबाद के बोल्लारम स्थित सैन्य हथियार डिपो से आधुनिक राइफलें, पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तेलंगाना पुलिस ने सेना के पूर्व हवलदार उप्पुथल्ला मल्लेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उसके घर से चोरी किए गए सभी हथियार और गोला-बारूद बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना 30 और 31 अगस्त की दरमियानी रात हुई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सेना में 20वीं बटालियन, मद्रास रेजिमेंट में कार्यरत था। उसे 30 जून 2026 को अनुशासन और स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते समय से पहले सेवानिवृत्त किया गया था। पुलिस को आशंका है कि इसी से जुड़ी नाराजगी के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया।

घर से क्या-क्या मिला?

पुलिस ने आरोपी के नागरकर्नूल जिले के अचम्पेट स्थित घर से 4 AK-203 असॉल्ट राइफल, 1 INSAS राइफल, 7 पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए। इसके अलावा नाइट-विजन उपकरण भी बरामद हुआ है।

जांच एजेंसियों ने आरोपी तक पहुंचने के लिए बड़े पैमाने पर कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। पूछताछ के दौरान आरोपी के जवाबों में विरोधाभास सामने आए और उसके मोबाइल से कॉल रिकॉर्ड तथा व्हाट्सऐप चैट डिलीट किए जाने की बात भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने 10 सितंबर को उसके घर पर छापेमारी की, जहां हथियारों का पूरा जखीरा मिला।

आतंकी कनेक्शन की जांच

हथियार चोरी के बाद जांच एजेंसियों को आशंका थी कि कहीं ये हथियार आतंकवादी संगठनों, ड्रग माफिया या किसी विदेशी नेटवर्क तक न पहुंच गए हों। हालांकि शुरुआती जांच में किसी अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट या हथियारों की बिक्री से जुड़ी साजिश का सबूत नहीं मिला है।

अब सेना और संबंधित एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि हाई-सिक्योरिटी वाले सैन्य डिपो में इतनी बड़ी सुरक्षा चूक कैसे हुई। तेलंगाना पुलिस के मुताबिक, सभी चोरी किए गए हथियार सुरक्षित बरामद कर लिए गए हैं।

Desk Desk · 12-09-2026 02:12 PM · 📍 Ranchi
Tags
Crime Ranchi News