रांची: राजधानी रांची के डोरंडा इलाके में रविवार शाम दो गुटों के बीच विवाद के बाद अचानक गोलीबारी से अफरातफरी मच गई। उर्दू लाइब्रेरी के पास करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। गोलियों की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग बाइक से मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे ग्वालाटोली निवासी स्वोम गद्दी उर्दू लाइब्रेरी की ओर से घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की। लाठी से हमला किए जाने के कारण उसके सिर में चोट लगी। किसी तरह वहां से निकलने के बाद उसने अपने परिचितों को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद कुछ युवक उर्दू लाइब्रेरी के पास पहुंचे और मारपीट की वजह पूछने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते गोलीबारी शुरू हो गई। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं।

मामले में स्वोम की ओर से डोरंडा थाने में जावेद अनवर, बाबर और नवाज के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई है।

वहीं, दरगाह कमेटी के सचिव जावेद अनवर ने आरोप लगाया है कि वह अल्ताफ हत्याकांड में मुख्य गवाह हैं और 17 सितंबर को अदालत में उनकी गवाही होनी है। उनका आरोप है कि उन्हें गवाही नहीं देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था और जान से मारने की धमकी भी मिली थी। हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्ति को खुद गोली चलाते हुए देखने की बात नहीं कही है।

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गोलीबारी की घटना में फिलहाल किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Desk Desk · 15-09-2026 10:23 AM · 📍 Ranchi
Tags
Crime Ranchi News