जमशेदपुर | झारखंड के जमशेदपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पत्नी से छेड़खानी करने से नाराज पति ने एक युवक की हत्या कर दी।

मामला पटमदा थाना क्षेत्र के सारी गांव का है। पुलिस के मुताबिक, 38 वर्षीय मनोहर माझी शनिवार देर रात गांव में आयोजित जागरण कार्यक्रम के दौरान अपने परिचित दुर्लभ सिंह के साथ बूढ़ीगोड़ा इलाके में शराब पीने गया था।

इसी दौरान नशे की हालत में मनोहर ने वहां मौजूद एक महिला के साथ कथित तौर पर छेड़खानी शुरू कर दी। महिला के पति शंभू सिंह और दुर्लभ सिंह ने उसे समझाया और वहां से घर जाने के लिए कहा।

बताया जा रहा है कि घर लौटते समय मनोहर एक कलवर्ट के पास सो गया। दुर्लभ सिंह वहां से अपने घर चला गया। वहीं, पत्नी से छेड़खानी से नाराज शंभू सिंह भी मनोहर को तलाशते हुए वहां पहुंच गया।

पुलिस के अनुसार, शंभू ने मनोहर को कलवर्ट के पास अकेला पाया। इसके बाद उसे नीचे खेत में गिराया और बड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया। इस हमले में मनोहर की मौत हो गई।

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी शंभू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इसी बीच, जिले के यशपुर गांव से भी नशे में विवाद के बाद हत्या का एक अलग मामला सामने आया है। यहां लक्ष्मण कालिंदी और भुतांग मुदी एक कमरे में साथ बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान विवाद हुआ और लक्ष्मण के सिर पर पत्थर से हमला किया गया।

परिजनों ने उसे गंभीर हालत में पाया और स्थानीय चिकित्सक को बुलाया, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी भुतांग मुदी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Desk Desk · 15-09-2026 02:33 PM · 📍 Ranchi
Tags
Crime Ranchi News