रांची | झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता और पेपर लीक के मामलों को लेकर CID ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है।

JPSC पेपर लीक मामले में CID ने रांची के लालपुर स्थित शिवांगन कोचिंग सेंटर के संचालक संजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। वहीं, JSSC CGL पेपर लीक मामले में आसनसोल से दिलीप कुमार पासवान नाम के एक कथित दलाल को भी गिरफ्तार किया गया है।

CID के अनुसार, दिलीप कुमार पर आरोप है कि उसने CGL परीक्षा से पहले आसनसोल के एक होटल में कुछ अभ्यर्थियों को ठहराया था और उन्हें परीक्षा में आने वाले प्रश्नों के उत्तर याद करवाए थे। सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद CID ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पूछताछ के दौरान दिलीप ने कथित तौर पर दो ऐसे लोगों के नाम बताए हैं, जिनके जरिए उसे परीक्षा में आने वाले प्रश्न और उनके उत्तर उपलब्ध हुए थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि करीब एक दर्जन सफल अभ्यर्थियों ने दिलीप के बारे में जानकारी दी थी। CID को उसके खिलाफ अभ्यर्थियों से पैसे वसूली से जुड़े सबूत भी मिले हैं।

जांच एजेंसी को पेपर लीक के मामले में अलग-अलग नेटवर्क और कड़ियों के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। आरोप है कि इन नेटवर्क के जरिए अभ्यर्थियों को प्रश्न और उत्तर उपलब्ध कराए गए और इसके बदले उनसे पैसे लिए गए।

CID की जांच में बंगाल के नियामतपुर और पटना के बीच भी एक कनेक्शन सामने आया है। इससे पहले CID ने अनीश और पटना निवासी राजन कुमार को गिरफ्तार किया था। जांच के मुताबिक, इन आरोपियों ने भी अभ्यर्थियों को प्रश्न और उत्तर उपलब्ध कराने में भूमिका निभाई थी।

बताया गया है कि कुछ अभ्यर्थियों को पहले नियामतपुर ले जाया गया और बाद में नेपाल के वीरगंज तक ले जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

अब CID इस पूरे नेटवर्क की अलग-अलग कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पेपर और उसके उत्तर किन लोगों के जरिए अभ्यर्थियों तक पहुंचाए गए।

JPSC और JSSC परीक्षा से जुड़े इन मामलों में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Desk Desk · 15-09-2026 02:36 PM · 📍 Ranchi
Tags
Crime Ranchi News