झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक यानी JSCB से जुड़े कथित 35 करोड़ रुपये के लोन फर्जीवाड़े में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को ED की रांची यूनिट ने झारखंड और ओडिशा में कुल 7 ठिकानों पर तलाशी और जब्ती की कार्रवाई शुरू की।
ED की यह कार्रवाई PMLA की धारा 17 के तहत की जा रही है। जांच के केंद्र में सरायकेला स्थित JSCB शाखा से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला है।
ED के अनुसार, कारोबारी संजय कुमार डालमिया पर तत्कालीन बैंक अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर बैंक से कथित तौर पर अनियमित तरीके से लोन लेने और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन में गड़बड़ी के आरोप हैं।
सरायकेला के पटनायक टोला स्थित संजय कुमार डालमिया के आवास पर भी ED की टीम ने छापेमारी की। टीम ने घर में दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय सामग्रियों की जांच की।
फिलहाल ED ने छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद किया है, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी।
Blog





