बोकारो |झारखंड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। डीवीसी रेजिडेंशियल कॉलोनी के पश्चिम पल्ली में बदमाशों ने घर में घुसकर एक बुजुर्ग दंपति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी रेणु सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पहले घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही उन्होंने दंपति पर गोलियां चला दीं। इसके बाद उनके बेटे रोहित सिन्हा को भी निशाना बनाया गया। रोहित को तीन गोलियां लगी हैं और उसका बोकारो जनरल अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
घटना रात करीब साढ़े सात बजे की है। वारदात के समय इलाके में तेज गरज-चमक और बारिश हो रही थी, जिसके कारण गोली चलने की आवाज आसपास के लोगों तक स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच सकी। पुलिस को आशंका है कि वारदात में दो से तीन हमलावर शामिल थे।
बेरमो के एसडीपीओ के मुताबिक, शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। परिवार के कुछ रिश्तेदारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद ली है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई है, जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी जारी है। मामले की जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
Blog





