जमशेदपुर: साकची के काशीडीह इलाके में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान रास्ते को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रविवार रात करीब 10 बजे दो पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान चापड़ से हमला किए जाने की बात सामने आई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
घायलों की पहचान जय कुमार यादव, सोनू यादव और कुंभ यादव के रूप में हुई है। सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल और टीएमएच ले जाया गया। जय कुमार के चेहरे पर चोट लगी है।
जानकारी के मुताबिक, विसर्जन जुलूस के दौरान शुभम नाम के युवक ने आगे जाने के लिए रास्ता मांगा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर क्यूआरटी तैनात की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
Blog





