रांची | रांची में गश्त के दौरान अरगोड़ा थाना क्षेत्र के एक दारोगा ने लूट के आरोपियों को पकड़ने के लिए साहस दिखाते हुए उनका पीछा किया। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे सहजानंद चौक के पास दारोगा मुकेश कुमार उपाध्याय ने बाइक से भाग रहे दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों से हुई झड़प में उनका कंधा टूट गया, लेकिन उन्होंने दोनों को पकड़कर रखा और पुलिस टीम के पहुंचने तक उन्हें भागने नहीं दिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी हरमू मंडी के पास एक ट्रक चालक से मोबाइल और नकदी लूटकर भाग रहे थे। आरोपियों ने चालक को हथियार दिखाकर वारदात को अंजाम दिया था। सूचना मिलने के बाद गश्त कर रहे दारोगा मुकेश कुमार उपाध्याय ने उनका पीछा शुरू किया।

कुछ दूरी पर दारोगा ने अपनी गाड़ी से आरोपियों की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उनसे हाथापाई शुरू कर दी। सड़क पर हुई इस झड़प के दौरान दारोगा के कंधे में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। इसके बावजूद उन्होंने दोनों आरोपियों को काबू में रखा।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशोरगंज निवासी अमन कुमार और कांके निवासी अमन तिवारी के रूप में की है। उनके पास से चाकू, लूट की रकम में से 600 रुपये और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

घायल दारोगा को पुलिसकर्मियों ने उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सिटी एसपी पारस राणा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रांची एसएसपी राकेश रंजन ने भी घायल दारोगा से मुलाकात कर उनके साहस की सराहना की।

Desk Desk · 21-09-2026 01:47 PM · 📍 Ranchi
Tags
Crime Ranchi News