रांची | रांची के पिस्का मोड़ के पास रविवार अहले सुबह मवेशियों को अवैध रूप से ले जाने के शक में जमकर हंगामा हुआ। बड़ी संख्या में जुटी भीड़ ने एक पिकअप वैन को रोक लिया। वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद चालक समेत तीन लोगों के साथ मारपीट की गई और वाहन में आग लगा दी गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम के साथ भी हाथापाई की गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि सुबह सूचना मिली थी कि गुमला मार्ग से तीन वाहनों में अवैध रूप से मवेशियों को ले जाया जा रहा है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पिस्का मोड़ के पास जुट गए और वाहनों को रोकने का प्रयास करने लगे। इस दौरान दो वाहन मौके से निकल गए, जबकि एक पिकअप वैन नियंत्रण खो बैठी और स्कॉर्पियो से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
चालक और दो साथियों की पिटाई
दुर्घटना के बाद वैन रुकते ही भीड़ ने चालक और उसके दो साथियों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पिकअप वैन में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले वैन में मौजूद मवेशियों को बाहर निकाल लिया गया था।
पुलिस टीम से भी हुई हाथापाई
घटना की सूचना मिलने पर सुखदेवनगर और पंडरा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने चालक और उसके साथियों को भीड़ से बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान कुछ लोग पुलिस टीम से उलझ गए और हाथापाई करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।
अतिरिक्त बल के पहुंचने के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रव कर रहे लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पिकअप वैन पूरी तरह जल चुकी थी।
विधायक ने कहा- दोषियों पर हो कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक सीपी सिंह भी थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और किसी निर्दोष को मामले में नहीं फंसाने की बात कही।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मवेशियों के परिवहन से जुड़े आरोपों और भीड़ द्वारा की गई हिंसा, वाहन में आग लगाने तथा पुलिस टीम पर हमले के संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है।
Blog





