लोहरदगा। जय श्रीराम समिति ने एक जरूरतमंद मरीज की सहायता कर मानवता और सामाजिक सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। धर्मशाला रोड, गुदरी बाजार निवासी रंजीत महतो की पत्नी दीपिका महतो का उपचार स्थानीय किरण मरांडी क्लिनिक में चल रहा था। जांच के दौरान चिकित्सकों ने मरीज में खून की कमी बताते हुए तत्काल एक यूनिट रक्त की आवश्यकता बताई, जिससे परिजन चिंतित हो उठे।
मदद की तलाश में परिजनों ने जय श्रीराम समिति से संपर्क किया। सूचना मिलते ही समिति के सक्रिय सदस्य बंटी साहू सदर अस्पताल पहुंचे और स्वेच्छा से एक यूनिट रक्तदान कर मरीज के उपचार में सहयोग किया। उनके इस मानवीय कार्य की अस्पताल परिसर में उपस्थित लोगों ने सराहना की।
समिति के कोर कमेटी सदस्य ओम महतो ने कहा कि जरूरतमंद और पीड़ित लोगों की सेवा करना जय श्रीराम समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। समाज के लोगों को भी आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
समिति के इस सराहनीय प्रयास से मरीज के परिजनों को बड़ी राहत मिली और समाज में सेवा, सहयोग तथा मानवता का सकारात्मक संदेश गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि भविष्य में भी रक्तदान सहित किसी भी प्रकार की आवश्यक सहायता के लिए संगठन सदैव तत्पर रहेगा।
इस अवसर पर जिला संरक्षक अजय सोनी, ओम महतो, आशीष कुमार, रंजीत महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


Blog





