लोहरदगा। किस्को प्रखंड के जनवल निवासी संतोषी कुमारी इन दिनों सदर अस्पताल में इलाजरत हैं। चिकित्सकों ने जांच के दौरान उनके शरीर में खून की गंभीर कमी बताते हुए तत्काल रक्त की आवश्यकता बताई। परिजनों के सामने रक्त की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती बन गई थी।

इसी दौरान परिजनों ने जय श्रीराम समिति से संपर्क किया। सूचना मिलते ही समिति के सक्रिय सदस्य उमेश कुमार साहू मानवता की मिसाल पेश करते हुए आगे आए और सदर अस्पताल पहुंचकर एक यूनिट रक्तदान किया। उनके इस सराहनीय कार्य से पीड़िता को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका और उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।

इस अवसर पर समिति के कोर कमेटी सदस्य ओम महतो, बजरंग करूवा समेत अन्य सदस्यगण भी मौजूद रहे और पीड़ित परिवार का हौसला बढ़ाया। समिति के सदस्यों ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची मानव सेवा है और भविष्य में भी जय श्रीराम समिति इसी प्रकार समाजहित में कार्य करती रहेगी।

समिति के इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की तथा रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के लिए उमेश कुमार साहू को धन्यवाद दिया। रक्तदान को महादान बताते हुए लोगों से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की गई।
SUMAN SAHU SUMAN SAHU · 12-06-2026 09:38 PM · 📍 Lohardaga · Lohardaga Bureau
Advertisement
Tags
Health Lohardaga News