लोहरदगा। गुरुकुल शांति आश्रम एवं प्रांतीय आर्यवीर दल के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुकुल के ब्रह्मचारी विभिन्न कठिन योगासनों का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही योगासन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं योग प्रोटोकॉल आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि गुरुकुल शांति आश्रम योग, यज्ञ एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। लोहरदगा जिले के साथ-साथ आसपास के सीमावर्ती जिलों में भी आश्रम की विभिन्न गतिविधियां संचालित हो रही हैं। जिले में योग और यज्ञ की चर्चा होते ही लोगों का ध्यान गुरुकुल शांति आश्रम की ओर जाता है, जो पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है।
आश्रम प्रबंधन ने कहा कि भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपराओं एवं योग के प्रसार में गुरुकुल सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और आगे भी समाज को स्वस्थ, संस्कारित एवं जागरूक बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई है।


Blog





