लोहरदगा । लोहरदगा जिले के हिसरी पंचायत अंतर्गत अगरडीह गांव में एक बार फिर सामाजिक संगठन की सक्रियता देखने को मिली, जब जय श्रीराम समिति ने जरूरत के समय तत्काल मदद पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की।
अगरडीह गांव निवासी सुशील मुंडा की पत्नी रंथी मुंडा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने खून की कमी बताते हुए तत्काल रक्त की आवश्यकता जताई। परिजनों के सामने गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई और वे मदद की तलाश में जुट गए।
इसी दौरान जय श्रीराम समिति को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही समिति ने बिना देरी किए पहल की और अपने सदस्य मोनू कुमार को रक्तदान के लिए आगे किया। मोनू कुमार ने तुरंत एक यूनिट रक्त देकर मरीज की स्थिति को संभालने में अहम योगदान दिया।
समिति के पदाधिकारी कन्हैया करवा ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज सेवा है और किसी भी जरूरतमंद की मदद करना ही सच्चा धर्म है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और लोगों में सहयोग की भावना बढ़ती है।
इस दौरान जिला संरक्षक अजय सोनी,कन्हैया करुवा,पंकज केशरी,पिंकी कुमारी,श्रवण उरांव सहित अन्य सदस्यों की उपस्थिति भी रही, जिन्होंने इस पहल को संगठन की प्रतिबद्धता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बताया।


Blog

