धनबाद । बीसीसीएल की मुनीडीह कोल वाशरी में स्लरी (वाश कोल डस्ट) लोडिंग के दौरान मजदूरों पर अचानक मलबा भरभराकर गिर पड़ा. हादसे में चार दिहाड़ी मजदूरों की मौत हो गयी. घटना शनिवार शाम करीब सवा पांच बजे की है. मृतकों में गोपीनाथडीह के माणिक बाउरी (45) व दिनेश बाउरी (52), समशिखरा निवासी दीपक बाउरी (50) और रुदी कपूरिया निवासी मोड़ा गोप (59) थे. गोपीनाथडीह की सुनीता देवी घटना में बाल-बाल बची. वह किसी तरह मलबे से सकुशल बचकर बाहर निकल आयी.
लोडिंग प्वाइंट पर कर रहे थे 7 से 10 मजदूर काम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोडिंग प्वाइंट पर एक दंगल के करीब 7 से 10 मजदूर काम कर रहे थे. सभी मैन्युअल लोडिंग के माध्यम से ट्रक में स्लरी लोडिंग कर रहे थे, तभी घटना घटी. हादसे के बाद चीख-पुकार और अफरातफरी मच गयी. वहां मौजूद साथी मजदूरों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. हादसे की खबर फैलते ही मुनीडीह और आसपास के इलाके के लोग वहां जुट गये. मृत मजदूरों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. वाशरी प्रबंधन ने परिसर के अंदर व बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. बताते चलें कि मुनीडीह कोल वाशरी की स्थापना वर्ष 1983 में हुई थी. वाशरी की क्षमता लगभग 1.6 मिलियन टन प्रति वर्ष है.


Blog

