रांची | रांची से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां HEC बाईपास पर अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

मंगलवार को जिला प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी और अन्य संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची थी। यह कार्रवाई बिरसा चौक से सेल सैटेलाइट चौक के पास बाईपास रोड के किनारे की जा रही थी।

प्रशासन की टीम के पहुंचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। विरोध कर रहे लोगों ने सड़क जाम कर दी, जिससे बिरसा चौक से लेकर डीसी के घोड़ा चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं। उनका आरोप है कि अगर उन्हें हटाया जाता है, तो सरकार को पहले उनके लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करनी चाहिए।

लोगों के मुताबिक, इस इलाके में 20 से ज्यादा घर हैं। उनका कहना है कि घर टूटने से उनके सामने रहने के साथ-साथ रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो जाएगा।

फिलहाल प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की तैयारी में है, जबकि स्थानीय लोग पुनर्वास की मांग पर अड़े हुए हैं। मौके पर तनाव बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं।

रांची की इस खबर पर आगे की अपडेट के लिए जुड़े रहिए हमारे चैनल के साथ।


Desk Desk · 15-09-2026 03:27 PM · 📍 Ranchi
Tags
Court & Law Ranchi News