रांची। राजधानी रांची के प्रमुख चौक-चौराहों पर अब पुलिस की मौजूदगी को और मजबूत करने की तैयारी है। शहर के करीब 20 प्रमुख स्थानों पर हाईटेक पुलिस पोस्ट तैयार किए जा रहे हैं। इन पोस्ट के जरिए व्यस्त इलाकों में पुलिसकर्मी लगातार मौजूद रहेंगे, जिससे जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी। (L

इन पुलिस पोस्ट का निर्माण सिरमटोली चौक, करमटोली चौक, शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक, अरगोड़ा चौक, गाड़ीखाना समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर किया जा रहा है। जगह और जरूरत के अनुसार पोस्ट का आकार तय किया जा रहा है। प्रत्येक पोस्ट के निर्माण पर करीब 4 से 10 लाख रुपये तक खर्च हो रहा है और इसका निर्माण कंपनियों के सीएसआर फंड से कराया जा रहा है।

हाईटेक पोस्ट बनने से ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों को भी राहत मिलेगी। फिलहाल उन्हें कई स्थानों पर तेज धूप, बारिश और ठंड के बीच लंबे समय तक खुले में ड्यूटी करनी पड़ती है। नए पोस्ट उन्हें बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किए जा रहे हैं।

रांची ट्रैफिक पुलिस के एसपी राकेश सिंह के अनुसार, इस व्यवस्था से पुलिसकर्मियों के काम करने की परिस्थितियों में सुधार होगा और वे प्रतिकूल मौसम में भी अधिक प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारी निभा सकेंगे। पोस्ट के सामने बड़े पारदर्शी शीशे भी लगाए जा रहे हैं, ताकि पुलिसकर्मी बाहर की गतिविधियों पर नजर रख सकें और व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।


Desk Desk · 03-10-2026 03:51 PM · 📍 Ranchi
Tags
Special Report Ranchi News