धनबाद। दुर्गापूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए धनबाद जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। न्यू टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।
एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, पूजा पंडालों और मेला क्षेत्रों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। असामाजिक तत्वों और महिलाओं से दुर्व्यवहार करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण रखना अनिवार्य होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला और पुरुषों की अलग-अलग कतारें बनाने तथा पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यातायात और पार्किंग पर विशेष ध्यान
पूजा के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। बरमसिया में हाइट बैरियर लगाकर बड़े वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए गोल्फ ग्राउंड और कोहिनूर वेंडिंग जोन सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
त्योहार के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा और सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने अफवाहों पर रोक लगाने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप में केवल एडमिन को संदेश भेजने की अनुमति देने की अपील की है। आपात स्थिति में डायल 112 के माध्यम से पुलिस की सहायता ली जा सकती है।
बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की तैयारी
नगर निगम की ओर से स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, नियमित जलापूर्ति और तालाबों की सफाई पर काम किया जा रहा है। प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की गई है। प्रशासन ने पूजा समितियों और नागरिकों से नियमों का पालन करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का आग्रह किया है।
Blog





