लोहरदगा। एमबी डीएवी विद्यालय में प्राचार्य जीपी झा के नेतृत्व व निर्देशन में विद्यालय प्रांगण में कक्षा एलकेजी से नौवीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षिक नीतियों, उद्देश्य व प्रणाली से अवगत करवाने के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए ओरियंटेशन प्रोग्राम आयोजित किया गया। बच्चों के विकास में शिक्षक व अभिभावक दोनों की ही भूमिका अतिमहत्वपूर्ण होती है। इस भूमिका के निर्वहन में विद्यालय के साथ अभिभावकों का समन्वय पूर्ण व्यवहार होना आवश्यक है। विद्यालय से जुड़ी अभिभावकों की उम्मीदों, आकांक्षाओं को जानने व विद्यालय की नीतियों से अभिभावकों को अवगत करवाने के लिए ओरियंटेशन प्रोग्राम आयोजित किया गया। जिसमें पीके सिन्हा, अश्विन पात्रों व ज्योति पांडे द्वारा मंच संचालन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। संगीत शिक्षक श्रवण कुमार पाठक ने स्वागत गीत गाया। बच्चों के व्यवहार तथा मानसिकता से संबंधित आवश्यक व प्रेरणाप्रद वीडियो के माध्यम से अभिभावकों का दिशा निर्देशन किया गया। विद्यालय के मेधावी छात्र आयुष कुमार सिंह द्वारा जेईई मुख्य परीक्षा में राज्य में सर्वोत्तम अंक प्राप्त करने हेतु तथा कक्षा आठवीं के मेधावी छात्र ऋषभ पोद्दार को कक्षा आठवीं में सर्वोत्तम अंक 98.2 प्रतिशत प्राप्त करने हेतु सम्मानित किया गया। प्राचार्य ने अभिभावकों को बच्चों के मनोविज्ञान की बारीकियों से अवगत करवाते हुए बच्चों के समक्ष सदैव आदर्श व्यवहार करने का अनुरोध किया क्योंकि छोटे बच्चे सही गलत में भेद नहीं कर पाते और अपने माता-पिता का ही अनुकरण करते हैं। अभिभावकों की भ्रांतियों का निराकरण करते हुए इस कार्यक्रम को सफल बनाया गया। अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
एमबी डीएवी पब्लिक स्कूल में ओरियंटेशन कार्यक्रम का हुआ आयोजन
