खूंटी। 16 से 21 अक्टूबर तक नई दिल्ली में आयोजित हो रहे केंद्रीय विद्यालय नेशनल स्पोर्ट्स मीट में खूंटी के 8 युवा तीरंदाज भाग लेंगे. इन तीरंदाजों में 6 लड़किया शामिल है. वीर बिरसा आर्चरी एकेडमी में तीरंदाजी का गुर सीखने वाले यह सभी खिलाड़ी खूंटी केंद्रीय विद्यालय के छात्र छात्राएं हैं और पहली बार किसी नेशनल टूर्नामेंट में भाग लेंगे. टूर्नामेंट में शामिल होने के पूर्व यह सभी खिलाड़ी बोकारो में सोमवार से आयोजित हो रहे विशेष कैंप में भाग लेंगे. रविवार को सभी खिलाड़ी 5 दिवसीय कैम्प के लिये बोकारो रवाना हुए.
16 से 21 अक्टूबर तक केंद्रीय विद्यालय नेशनल स्पोर्ट्स मीट का आयोजन दिल्ली और फरीदाबाद में आयोजित हो रहा है. बालक वर्ग के मुकाबले दिल्ली में होंगे जबकि लड़कियों के मुकाबले फरीदाबाद में खेले जायेंगे.केंद्रीय विद्यालय खूँटी के इतिहास में पहली बार तीरंदाजी प्रतियोगिता में खिलाड़ी भाग लेंगे.
चयनित तीरंदाज
बालिका वर्ग:- शिवानी साहू, शिवानी कुमारी, उर्वर्शी कुमारी, दर्शिका कुमारी, ऐंजल हेरेंज
बालक वर्ग:- अंकित कश्यप, श्रीकांत कुमार, रुद्र प्रताप सिंह.
सीमित संसाधनों के बावजूद इन युवा तीरंदाजों के उपलब्धि पर वीर बिरसा आर्चरी एकेडमी के साथी तीरंदाजों के अलावा एकेडमी के मुख्य प्रशिक्षक बसंत कुमार , दानिश अंसारी , राहुल कुमार , अशीष कुमार व महिला कोच मोनिका कुमारी ने हर्ष व्यक्त किया है और अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी है । वहीं इन खिलाड़ियों को वीर बिरसा आर्चरी एकेडमी के अभिभावक व पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मभूषण कडिया मुंडा, केंद्रीय मंत्री सह खूंटी सांसद व भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा,खूँटी जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष कोचे मुंडा, जिले के उपायुक्त खूँटी श्री शशि रंजन, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ,शैलेंद्र सिन्हा, इशान जायसवाल, केंद्रीय विद्यालय के प्राध्यापिका रेखा मिन्ज, खेल शिक्षिका मगन कुजूर सहित जिलेवासियों ने तीरंदाजों को शुभकामनायें दी है.