रांची। सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा में रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य का अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद दूसरे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। लोक आस्था के इस पर्व को लेकर पूरे झारखंड ही नहीं देश-दुनिया में उत्साह चरम पर है। त्योहार को लेकर हेमंत सोरेन ने सभी लोगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की सभी छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं और जोहार। भगवान भास्कर और छठी मईया सभी को स्वस्थ, सुखी और समृद्ध रखें। आप सभी की मनोकामना पूर्ण हो, यही कामना करता हूं। बताते चलें कि छठ पूजा को लेकर सीएम हेमंत सोरेन ने बीते दिनों विभिन्न छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों को जायजा लिया था। उन्होंने छठ पूजा को लेकर सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि साफ-सफाई और व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राज्य भर के छठ घाटों में सभी व्यवस्था करने का आदेश दिया था। इसके बाद से ही रांची जिला प्रशासन, रांची पुलिस और रांची नगर निगम सहित राज्य भर के जिला प्रशासन, पुलिस व नगर निकाय तैयारियों में जुट गए थे। रांची ही नहीं पूरे राज्य के सभी छठ घाट पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं।
सीएम हेमंत सोरेन ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं
