लोहरदगा। सेन्हा प्रखंड परिसर में पुस्तकालय सह अध्ययन का उदघाटन उपायुक्त डा वाघमारे प्रसाद कृष्ण द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सभी प्रखंडों में पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उसी कड़ी में आज सेन्हा प्रखंड के पुस्तकालय सह अध्ययन कक्ष का उद्घाटन किया गया है। सेन्हा प्रखंड के अध्ययनरत छात्र- छात्राओं के सुविधा के लिए व्यवस्था की गई है। अध्ययन में छात्रों को सहायता बहुत जरूरी होता है। कई छात्र- छात्राओं के परिवार में बहुत तरह की समस्या होती है। पुस्तकालय का उद्देश्य पढ़ने वालों की समस्या का समाधान हो। पुस्तकालय में विभिन्न प्रतियोगिता की पुस्तकें, विभिन्न फैकल्टी की पुस्तके उपलब्ध है। वर्तमान में 100 पुस्तकों से प्रारंभ किया गया है। आगे और किताबें उपलब्ध कराई जाएगी। समाज के बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं शिक्षाविदों के पास घर में पुस्तकें हो तो वह भी पुस्तकालय में दान दें। छात्र अपना लक्ष्य तय करें और इस पुस्तकालय का लाभ लेकर लक्ष्य प्राप्त करें। उपायुक्त ने कहा कि जिले में कोचिंग की व्यवस्था भी की गई है, जहां आकर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। छात्रों को परीक्षा का डर निकालना होता है। इसके लिए पुस्तकों का अध्ययन एवं मार्गदर्शन जरूरी है। कुछ छात्र छात्राओं को पुस्तकालय निबंधन कार्ड भी उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, गोपनीय प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित प्रखंड एवं अंचल के कर्मी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
पुस्तकालय सह अध्ययन का डीसी ने किया उद्घाटन
